[sc name="three"]

IPL 2023 DELHI POLICE ARSHDIP SINGH

Photo: @DelhiPolice/ Twitter

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में बीते दिन पंजाब किंग्स ने रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस को 13 से हराया। इस मैच में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) का जलवा देखने को मिला। अर्शदीप सिंह ने शनिवार को हुए मैच में ‘स्टम्प तोड़’ बॉलिंग की और मुंबई को मात दी। अब इसी ‘स्टम्प तोड़’ परफॉर्मेंस के जरिए दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने अपने अनोखे अंदाज में ट्रैफिक एडवाइजरी (Traffic Advisory) शेयर की है, जिसके बाद यह चर्चा में है। 

ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने पर ही चालान का ‘इनाम’ मिलता है: दिल्ली पुलिस 

दरअसल दिल्ली पुलिस ने रविवार (23 अप्रैल) को इंस्टाग्राम और ट्विटर पर एक पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने टूटे हुए स्टम्प की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा- मुझे तोड़ लो, पर ट्रैफिक सिग्नल नहीं तोड़ना। साथ ही पुलिस ने कैप्शन में लिखा, ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने पर ही चालान का ‘इनाम’ मिलता है।

पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 13 से हराया

उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2023 में शनिवार को मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) और पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के बीच क्रिकेट मैच खेला गया था। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 214 रन बनाए थे। वहीं, जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 201 रन ही बना सकी। मुंबई को आखिरी ओवर में 16 रन की जरुरत थी। आखिरी ओवर डालने आए अर्शदीप सिंह। इस दौरान उन्होंने तीसरी और चौथी बॉल पर तिलक वर्मा और नेहल वेढ़रा को क्लीन बोल्ड कर दिया। इन्हीं दोनों विकेट को लेने में अर्शदीप की बॉल से मिडिल स्टम्प दो टुकड़ों में टूट गया। जिसके बाद उनकी ही चर्चा हो रही है। 

कानून तोड़ने पर कार्रवाई होने की संभावना, स्टम्प नहीं: मुंबई पुलिस

मैच के बाद पंजाब किंग्स ने मजाकिया अंदाज में इस बात की शिकायत मुंबई पुलिस से की। पंजाब किंग्स ने लिखा, ‘हेलो, मुंबई पुलिस, हमें एक शिकायत दर्ज करनी है।’ इसके साथ ही टीम ने अर्शदीप सिंह की स्टंप तोड़ने वाली तस्वीर भी शेयर की है। वहीं, मुंबई पुलिस ने इस बात का मजेदार जवाब दिया है। मुंबई पुलिस ने लिखा, कानून तोड़ने पर सबसे ज्यादा कार्रवाई होने की संभावना है, स्टम्प नहीं।

इन ट्वीट के जरिए दिल्ली और मुंबई पुलिस ने लोगों को ट्रैफिक रूल के प्रति जागरूक करने की कोशिश की है। उनकी पोस्ट को अब तक 3 लाख से अधिक लाइक्स के साथ सैकड़ों कमेंट्स मिल चुके हैं। एक यूजर ने लिखा- IPL के साथ ट्रैफिक एडवाइजरी का आनंद। दूसरे ने लिखा- Meme के साथ ट्रैफिक का ज्ञान। 

[sc name="four"]