[sc name="three"]

नई दिल्ली. यूक्रेन पर रूस का हमला जारी है और लगातार बम और रॉकेट लॉन्चर दागे जा रहे हैं। इसी बीच खबर आई है कि रूस के हमले में भारतीय छात्र नवीन कुमार की मौत हो गई है। विदेश मंत्रालय ने भी घटना की पुष्टि की है। नवीन कुमार कनार्टक के रहने वाले थे और खार्किव में बममारी के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्र के पिता से बात कर दुख जताया है।

जानकारी के अनुसार, छात्र नवीन कर्नाटक का रहने वाला था। उसकी उम्र 21 साल थी। वह खार्किव में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था। रूस द्वारा हमले किए जाने से खाने पीने की चीजों की किल्लत हो गई है। नवीन कुमार भी खाना लेने के लिए हॉस्टल से बाहर निकला था। इसी बीच वह रूसी सेना के हमले का शिकार हो गया और उसकी मौत हो गई।

नवीन के साथ होस्टल में रहने वाले श्रीधरन गोपालकृष्णन ने बताया- यूक्रेन के समय के मुताबिक, सुबह 10.30 बजे नवीन राशन की दुकान के सामने लाइन में लगा था। उसी समय रूसी सेना ने लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी। हमारे पास उसकी बॉडी के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हम में से किसी को अस्पताल जाने की इजाजत भी नहीं दी गई है, ताकि हम पता लगा सकें कि उसकी बॉडी कहां रखी गई है।
यूक्रेन में रूसी सेना के हमले तेज
इधर, रूस ने कीव, खार्किव और चेर्निहाइव में आर्टिलरी (तोपों) से हमले तेज कर दिए हैं। यूक्रेन में मौजूद इंडियन एम्बेसी ने सभी भारतीय नागरिकों को फौरन कीव छोडऩे को कहा है। एम्बेसी की तरफ से जारी इमरजेंसी एडवाइजरी में कहा गया- भारतीय जिस हाल में हैं, उसी स्थिति में तुरंत शहर से बाहर निकल जाएं।

कर्नाटक के सीएम ने नवीन के पिता से बातचीत की
नवीन की मौत की पुष्टि कर्नाटक के मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी कर दी है। राज्य के मुख्यमंत्री एसआर बोम्मई ने मृतक छात्र नवीन के पिता से फोन पर बातचीत की है। सीएम ने उनसे कहा है कि नवीन का पार्थिव शरीर लाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास करेगी। सीएम ने कहा कि इस मामले में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है।

राहुल गांधी ने जताया दुख
भारतीय छात्र की मौत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दुख जताया है। उन्होंने मृत छात्र के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही भारत सरकार से छात्रों को जल्द और सुरक्षित लाने की अपील की है।

[sc name="four"]